बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

रेड अलर्ट और ब्लैकआउट के बीच सिंगरौली में मेगा मॉक ड्रिल, हवाई हमले के घायलों को बचाने का अभ्यास

ट्रामा सेंटर में सायरन बजते ही सक्रिय हुईं बचाव टीमें, पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और दमकल विभाग ने दिखाया आपसी समन्वय

सिंगरौली। जिले में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल परिसर स्थित ट्रामा सेंटर में रेड अलर्ट, हवाई हमले की चेतावनी, सायरन और ब्लैकआउट के बीच सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था का अभ्यास किया गया। इस दौरान युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को सुरक्षित निकालने और तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले में घायल लोगों को घटनास्थल से निकालकर स्ट्रेचर की मदद से ट्रामा सेंटर तक पहुंचाया गया। बचाव दल ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इसके साथ ही आगजनी जैसी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का भी प्रदर्शन किया गया।

कई विभागों की टीमों ने संभाली जिम्मेदारी
अभ्यास में पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, होमगार्ड, दमकल विभाग, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ भाग लिया। सभी टीमों ने निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया।

आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य युद्ध जैसी विषम परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी तालमेल और आपातकालीन तैयारियों को परखना रहा, ताकि वास्तविक संकट के समय राहत कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें और जनहानि को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, कमांडेंट, थाना प्रभारी, पुलिस जवान, पत्रकारों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button