नौगई में एनएच-39 बदहाल, गड्ढों से आए दिन हादसे; भारी वाहनों से मकानों में दरारों का आरोप
टोल वसूली के बावजूद मरम्मत नहीं होने पर उठे सवाल, कलेक्टर से स्थायी सुधार और तकनीकी सर्वे की मांग

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-81 के ग्राम नौगई से गुजरने वाले एनएच-39 मुख्य मार्ग की हालत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई हादसों में राहगीरों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
इस मार्ग पर 24 घंटे हाइवा सहित भारी वाहनों का आवागमन होता है। स्थानीय निवासी रावेंद्र कुमार शाह का आरोप है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और कंपन से आसपास के मकानों में दरारें आ रही हैं। उनका मकान भी मुख्य मार्ग के सामने स्थित है। ऐसे में लोगों को सड़क हादसों के साथ अपने घरों की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है।
टोल वसूली के बाद भी सड़क बदहाल
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब इस मार्ग से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, तो सड़क की मरम्मत और रखरखाव क्यों नहीं किया जा रहा है। सड़क की बदहाली के लिए जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई गई है।
कलेक्टर को सौंपा आवेदन
समस्या को लेकर रावेंद्र कुमार शाह ने जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपा है। इसमें सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने, स्थायी मरम्मत और डामरीकरण कराने, प्रभावित मकानों का तकनीकी सर्वे कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से किसी बड़ी दुर्घटना या जनहानि से पहले कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़क चाहिए।













