पावसन कोल वॉशरी पर पंचायत के तालाब को राख और कोल डस्ट से पाटने का आरोप
एमपीआईडीसी ने आवंटित की थी 10 हेक्टेयर जमीन, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और शर्तों के उल्लंघन की शिकायत; कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच रिपोर्ट का इंतजार

सिंगरौली। जिले में औद्योगिक गतिविधियों के बीच ग्राम पंचायतों की सार्वजनिक संपत्तियों के अस्तित्व पर संकट के आरोप सामने आ रहे हैं। गड़ेरिया ग्राम पंचायत में संचालित पावसन कोल वॉशरी पर पंचायत के वर्षों पुराने तालाब को कोयले की राख और कोल डस्ट से भरने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की गतिविधियों के कारण सार्वजनिक जल संरचना का अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और भूमि आवंटन की शर्तों के उल्लंघन की शिकायत ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) ने गड़ेरिया में पावसन कोल वॉशरी के लिए 10 हेक्टेयर जमीन आवंटित की थी। बताया जाता है कि आवंटन के दौरान ग्राम पंचायत के तालाब और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाने की शर्तें निर्धारित थीं। इसके बावजूद तालाब में राख और कोल डस्ट भरने के आरोप सामने आए हैं। यदि जांच में इनकी पुष्टि होती है तो यह पर्यावरणीय नियमों और भूमि आवंटन की शर्तों के उल्लंघन का मामला बन सकता है।
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच
मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और खनिज विभाग को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अब तक जांच की स्थिति और कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि संबंधित विभागों ने मौके का निरीक्षण किया या नहीं और यदि जांच पूरी हो चुकी है तो रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।
आवंटित जमीन की सीमाओं की जांच की मांग
बताया गया है कि एमपीआईडीसी ने गोंदवाली में 22 हेक्टेयर और गड़ेरिया में 10 हेक्टेयर जमीन औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवंटित की थी। ऐसे में आवंटित भूमि की सीमाओं, स्वामित्व और निर्धारित शर्तों के पालन की भी जांच जरूरी बताई जा रही है। सवाल यह भी है कि जमीन आवंटन के बाद निगरानी की जिम्मेदारी किस विभाग की थी और सार्वजनिक जल संरचनाओं की सुरक्षा के लिए नियमित निरीक्षण किया गया या नहीं।
तालाब की वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग
सिंगरौली पहले से औद्योगिक प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों की सार्वजनिक जल संरचना को लेकर सामने आए आरोप प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मांग की जा रही है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर तालाब की वास्तविक स्थिति, उसमें भरी गई राख और कोल डस्ट की मात्रा, भूमि का सीमांकन तथा आवंटन की शर्तों का सत्यापन कराए।यदि जांच में आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल ग्रामीणों को संयुक्त जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।












