बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर कुर्सा में चला प्रशासन का बुलडोजर, 0.030 हेक्टेयर जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त

बेदखली आदेश की अनदेखी और 3 हजार रुपये का अर्थदंड जमा नहीं करने पर कार्रवाई; आईएएस सौम्या मिश्रा के निर्देशन में राजस्व अमले ने हटाया कब्जा

सिंगरौली (देवसर)। तहसील देवसर के ग्राम कुर्सा में अवैध कब्जे के विरुद्ध राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए 0.030 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। तहसीलदार न्यायालय से बेदखली का आदेश जारी होने के बावजूद कब्जा नहीं हटाने और निर्धारित अर्थदंड जमा नहीं करने पर प्रशासनिक टीम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी। 27 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे आईएएस एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सौम्या मिश्रा के निर्देशन में राजस्व अमले ने अतिक्रमण हटाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुर्सा की संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे का मामला तहसीलदार न्यायालय देवसर में विचाराधीन था। न्यायालय ने 16 अक्टूबर 2026 को आदेश पारित कर जग्यलाल पिता गजाधर साहू, निवासी ग्राम कुर्सा को संबंधित भूमि से बेदखल करने और 3 हजार रुपये का अर्थदंड जमा करने के निर्देश दिए थे।

अंतिम सूचना के बाद भी नहीं हटाया कब्जा

न्यायालय के आदेश के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने न तो भूमि से कब्जा हटाया और न ही निर्धारित अर्थदंड जमा किया। इसके बाद तहसीलदार न्यायालय ने मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 38 के तहत संसूचना जारी कर अंतिम अवसर दिया। इसमें कब्जा हटाने और अर्थदंड की राशि ऑनलाइन जमा करने के निर्देश दिए गए थे।

जारी संसूचना में स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं करने पर प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कब्जा हटाया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण हटाने में होने वाला खर्च भी भू-राजस्व की बकाया राशि की तरह संबंधित व्यक्ति से वसूल किया जाएगा।

मौके पर पहुंचकर हटाया गया अतिक्रमण
इसी क्रम में 27 नवंबर को प्रशासनिक एवं राजस्व अमला ग्राम कुर्सा पहुंचा। आईएएस एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सौम्या मिश्रा के निर्देशन में बेदखली की कार्रवाई पूरी करते हुए 0.030 हेक्टेयर भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया।

Author

Related Articles

Back to top button