गोदवाली स्कूल में घुसकर बच्चों और शिक्षकों से मारपीट का आरोप, प्रधानाध्यापक ने की शिकायत
सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोदवाली में स्कूल परिसर के अंदर बच्चों और शिक्षकों के साथ मारपीट तथा अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने 25 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी बरगवां को लिखित आवेदन देकर लाले उर्फ शिवभजन वैश्य, पिता सरोज बैस के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, संबंधित व्यक्ति स्कूल परिसर में पहुंचकर बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने विद्यालय के स्टाफ के साथ अश्लील गाली-गलौज की और डंडा लेकर बार-बार मारपीट का प्रयास किया। इससे बच्चों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
प्रधानाध्यापक ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भी कई बार स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता व गाली-गलौज कर चुका है।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।












