एनसीएल ने धूमधाम से मनाया 42वां स्थापना दिवस, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता हरिओम यादव सम्मानित
सिंगरौली स्टेडियम में हुआ केंद्रीय समारोह, सीएमडी ने सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का किया आह्वान; शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सिंगरौली। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का 42वां स्थापना दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय स्थित सिंगरौली स्टेडियम में केंद्रीय समारोह आयोजित किया गया। इसमें वर्तमान एवं पूर्व सीएमडी, निदेशक, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में एनसीएल के सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, पूर्व सीएमडी ए.के. दास, शांतिलता साहू एवं टी.के. नाग, निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार और मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल मौजूद रहे। श्रमिक संघों की ओर से जेसीसी सदस्य अजय कुमार (सीएमएस), लाल पुष्पराज सिंह (आरसीएसएस), नीतीश कुमार (बीएमएस) और अशोक कुमार पांडे (एचएमएस) सहित सीएमओएआई महासचिव सर्वेश सिंह ने भी सहभागिता की।
सामूहिक प्रयासों से लक्ष्य हासिल करने का भरोसा
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने एनसीएल परिवार और सभी हितधारकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के कुल बिजली उत्पादन में एनसीएल के कोयले की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि कर्मचारियों और श्रमिक संघों के सामूहिक संकल्प, परिश्रम और समर्पित प्रयासों से कंपनी अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करेगी।
सीएमडी ने कंपनी की सीएसआर पहल ‘नन्हा-सा-दिल-एनसीएल’, ‘चरक’, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, कर्मचारी कल्याण और रोजगार सृजन से जुड़ी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा, गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और परिधीय समुदायों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता हरिओम यादव सम्मानित
स्थापना दिवस समारोह में लंबी कूद के राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता हरिओम यादव को सम्मानित किया गया। उन्होंने एनसीएल स्पोर्ट्स एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जहां प्रतिभागियों को खेल सहित विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्ष 2026 में आयोजित प्रथम इनडोर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हरिओम ने 6.78 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया था। इससे पहले भी वे विभिन्न राज्य स्तरीय और वेस्ट जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में विजेता रहे हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्थापना दिवस की संध्या पर एनसीएल द्वारा पोषित शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिष्ठित बैंड के कलाकारों और ‘सा रे गा मा पा’ विजेता इशिता विश्वकर्मा की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।












