बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सरई में लाठी से पीटकर पत्नी की हत्या करने वाला पति 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार

सरई (सिंगरौली)।सरई थाना क्षेत्र के छिरहट मोहल्ले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के महज 6 घंटे के भीतर सरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की रात मृतका की 16 वर्षीय पुत्री मीना पनिका ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 8 बजे जब परिजन घर का दरवाजा बंद कर सोने जा रहे थे, तभी उसके पिता रामलाल पनिका (40 वर्ष) वहां पहुंचे और लाठी से दरवाजे पर जोर-जोर से वार करने लगे। आरोपी चिल्लाते हुए अपने बेटे को मांग रहा था। जब उसकी पत्नी लीलावती पनिका (37 वर्ष) ने दरवाजा खोलकर कहा कि ‘लड़के की तो मौत हो चुकी है, वह उसे कहां से लाकर दे’, इसी बात पर आक्रोशित होकर रामलाल ने हाथ में लिए लाठी से लीलावती के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।

सिर फटने से लीलावती लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद भी आरोपी उस पर लाठी से ताबड़तोड़ वार करता रहा, जिससे वह अचेत हो गई। परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से उसे सरई अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रामलाल पनिका के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सरई थाना पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपी पति को 6 घंटे के भीतर धर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button