पूरे देश का सिस्टम खराब, सुधार के बजाय डैमेज कंट्रोल में जुटी सरकार: कमलेश्वर पटेल
सीडब्ल्यूसी सदस्य व पूर्व मंत्री ने प्रेस वार्ता में केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा तीखा निशाना

पेपर लीक, बंद होते 2,446 स्कूल, रीवा में गर्भवती की मौत और डीएमएफ फंड के दुरुपयोग पर उठाए सवाल
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग, छात्रों से संवाद के लिए भोपाल आएंगे राहुल गांधी
सिंगरौली।कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं मध्य प्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सोमवार को बिलौंजी स्थित मंगलम पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि समूचे देश का प्रशासनिक सिस्टम चरमरा चुका है और सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल डैमेज कंट्रोल करने में लगी हुई है।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर कड़े सवाल
पूर्व मंत्री ने कहा कि नीट (NEET) सहित लगभग सभी प्रतियोगी परीक्षाएं लगातार पेपर लीक की चपेट में आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। स्कूली शिक्षा की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 2,446 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। सरकार स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों का इंतजाम तक नहीं कर पा रही है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना युवाओं और प्रदेश का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता।
स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
रीवा में एक गर्भवती महिला की मौत के मामले को उठाते हुए कमलेश्वर पटेल ने प्रदेश की लचर स्वास्थ्य सेवाओं पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
सिंगरौली का डीएमएफ फंड बाहर भेजने का आरोप
सिंगरौली जिले के जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMF) फंड को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि जिले के खनन से मिलने वाला यह फंड स्थानीय विकास और विस्थापितों के कल्याण पर ही खर्च होना चाहिए, लेकिन सरकार इस राशि को अन्यत्र बाहर भेजकर जिले की जनता के साथ अन्याय कर रही है।
जातिगत जनगणना और राम मंदिर चंदा विवाद
जातिगत जनगणना की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सभी वर्गों की सटीक गणना होनी चाहिए, लेकिन केंद्र सरकार इस पर गंभीर नहीं है। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शीघ्र ही मध्य प्रदेश प्रवास पर आएंगे और भोपाल में छात्रों व युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इसके अलावा अयोध्या राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के कथित घोटाले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों ने जल्दबाजी में क्लीन चिट देकर मामले पर पर्दा डालने का काम किया है।प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













