भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त कार्यकारिणी की प्रथम कार्यसमिति सम्पन्न

सिंगरौली- भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली की नवीन कार्यकारिणी घोषित होने के बाद जिले की प्रथम जिला कार्यसमिति कंपोजिट बिल्डिंग निगाही में सम्पन्न हुई। प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्देशित तिथि के अनुसार 7 सितंबर को ये कार्यसमिति सम्पन्न हुई है। कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद डॉ राजेश मिश्रा उपस्थित रहे तथा अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने की। विशिष्ट अतिथि की आंसदी पर जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव, विधायक गण माननीय कुंवर सिंह टेकाम, रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार , प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, पूर्व विधायक अमर सिंह, रामलल्लू वैश्य मंचासीन रहे।
बैठक का शुभारंभ भारत माता एवं पितृ पुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम गायन के साथ सम्पन्न हुआ। इस बैठक मे स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह द्वारा प्रस्तुत किया गया तथा उन्होंने बैठक के प्रस्तावना पर प्रकाश डाला। उपस्थित समस्त अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज की ये बैठक संकल्प, चिंतन, मंथन एवं समीक्षा पर केंद्रित है तथा प्रधानमंत्री जी के संकल्प से सिद्धि सिद्धांत पर ध्यान केंद्रित करने पर भी है तथि 2047 तक प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के निर्माण में हमारी क्या भूमिका हो इसका चिंतन करना भी हमारे आज के एजेंडे का मुख्य शीर्षक है। भारतीय जनता पार्टी का मूल सिद्धांत है कि हर हाथ को काम और हर काम को हांथ मिले इसी तर्ज पर प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका तय की जा रही है और शीघ्र ही हर कार्यकर्ता किसी न किसी दायित्व पे बिठाया जायेगा और संगठन को आगे ले जाने मे हर कार्यकर्ता की भूमिका होगी।
मुख्य वक्ता एवं उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद डॉ राजेश मिश्र ने केंद्र सरकार की योजनाओं तथा किसान कल्याण की योजनाओं सहित सरकार की उपलब्धियों को विस्तार पूर्वक कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार GYAN की तर्ज पर काम कर रही है। जिसमें G का अर्थ है गरीब, Y का अर्थ है युवा, A का अर्थ है अन्नदाता एवं N का अर्थ है नारी। सांसद ने कहा कि गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी इनको केंद्र में रखकर सरकार की अनेक योजनाएं हैं जो भारत एवं भारतीयों को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। आज डिजिटल ट्रांजेक्शन मे भारत विश्व में एक नंबर पर है, जनधन खातों मे अब सरकार द्वारा भेजी राशि सीधे लाभार्थी को मिलती है ,आयुष्मान योजना गरीब के लिए जीवनदायिनी योजना बन चुकी है, किसान क्रेडिट कार्ड से 5 लाख तक की सहायता मिलती है। आज युद्ध के इस माहौल मे भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत है जो कि आश्चर्यजनक है, आज हम कृषि उत्पाद, रक्षा उत्पाद, के निर्यातक बन चुके हैं। सांसद ने क्षेत्रीय मुद्दों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम केंद्र सरकार के आकांक्षी जिलों मे है जिससे विभिन्न योजनाओं में केंद्र से सहायता मिल रही है, सिंगरौली में मेडिकल कालेज का संचालन प्रारंभ हो चुका है, भोपाल के लिए नियमित रेल सेवा है तथा दिल्ली के लिए शीघ्र ही नियमित होने वाली है। एन एच 39 का कार्य पुनः प्रारंभ हो चुका है, हवाई अड्डे का सर्वे चल रहा है, कटनी सिंगरौली ग्रीन एक्सप्रेस वे का डी पी आर बन रहा है तथा हमारा प्रयास है कि सिंगरौली मे सैनिक स्कूल भी खुले और उसका लाभ यहां के विद्यार्थियों को मिले।

जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव जी ने अपने उद्बोधन में नवनियुक्त कार्यसमिति के सदस्यों को बधाई देते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा से अवगत कराया। संगठन प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से आज की युवा पीढ़ी को 2003 के पहले के मध्यप्रदेश एवं 2014 से पहले के भारत की तस्वीर के तुलनात्मक दृष्य दिखाने व बताने की बात कही। जिला प्रभारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जीवन की संघर्ष यात्रा के बारे मे बताते हुए विपरीत परिस्थितियों मे उनके शून्य से शिखर तक पहुंचने की कहानी से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने भारत की बढ़ रही जीडीपी के साथ हो रही उत्तरोत्तर प्रगति की क्रमवार जानकारी कार्यकर्ताओं को दी तथा आगामी कार्यक्रमों को जोरदार तरीके से पूरा करने के निर्देश कार्यकर्ताओं को दिए।
बैठक में विगत दिनों ओरछा मे सम्पन्न हुई प्रदेश कार्यसमिति मे निर्णय लिए गए राजनीतिक प्रस्ताव की भूमिका का वाचन जिला कार्यसमिति सदस्य राजकुमार दुबे ने किया।
राजनीति प्रस्ताव सामाजिक सेवा एवं समरसता पर उद्बोधन विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने दिया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी विधायक राजेंद्र मेश्राम ने प्रस्तुत किया।
राजनीति प्रस्ताव राष्ट्र निर्माण मे युवाओं की भागीदारी पर उद्बोधन निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय ने दिया।
राजनीति प्रस्ताव महिला सशक्तिकरण मे सरकार की भूमिका विषय पर विस्तृत उद्बोधन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार ने दिया।
प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने राजनीति प्रस्ताव विकसित भारत का संकल्प पर अपना उद्बोधन प्रस्तुत किया।
राजनीति प्रस्ताव राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा क्षेत्रीय विकास पर विस्तृत उद्बोधन विधायक रामनिवास शाह ने प्रस्तुत किया।
पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह ने संत शिरोमणि रविदास जी की चल रही कलश यात्रा का विस्तृत वृत्त कलश यात्रा के प्रभारी के रूप में प्रस्तुत किया।
जिला कार्यसमिति सदस्य ध्रुव सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत सम्पन्न होने वाले कार्यक्रमों के लिए तय किये गये प्रभारी व उनकी टोलियों के सदस्यों की सूची का वाचन किया।
बैठक का मंचीय संचालन जिला महामंत्री योगेन्द्र द्विवेदी ने तथा आभार प्रकटन जिला महामंत्री विक्रम सिंह ने किया।
जिला कार्यसमिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में समस्त जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, स्थाई आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष व महामंत्री, समस्त मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री मंडलों के प्रभारी तथा व्यवस्थागत कार्यों मे लगे कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













