जबलपुर में बिना डिग्री संचालित हो रहा था क्लिनिक, स्वास्थ्य विभाग की दबिश में खुलासा

जबलपुर। जिले के सिहोरा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बिना आवश्यक डिग्री और अनुमति के संचालित किए जा रहे एक क्लिनिक का खुलासा किया है। टीम ने साईं मंगलम कॉलोनी, खितौला स्थित मकान नंबर-1 में संचालित क्लिनिक पर छापामार कार्रवाई की। क्लिनिक का संचालन प्रीति केवट द्वारा किया जा रहा था।
कार्रवाई ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सिहोरा अर्शिया खान और तहसीलदार सिहोरा अमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान क्लिनिक के अंदर बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाइयां, इंजेक्शन और अन्य मेडिकल सामग्री मिली। टीम ने मौके पर मौजूद चिकित्सा सामग्री के साथ क्लिनिक से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार क्लिनिक संचालक के पास चिकित्सकीय डिग्री नहीं थी, इसके बावजूद वहां मरीजों का उपचार किया जा रहा था। इससे बिना पंजीयन और निर्धारित योग्यता के चिकित्सा सेवाएं संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।
एफआईआर की तैयारी, सीएमएचओ को भेजी जाएगी रिपोर्ट
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्लिनिक संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। छापे और जांच से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिना आवश्यक योग्यता, पंजीयन या अनुमति के क्लिनिक संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि ऐसे मामलों में आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रखी जाएगी।













