बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, ड्यूटी कर लौट रहा था घर

सिंगरौली । बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़बड़िया में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खरकटा निवासी अमन जायसवाल (आईडी कार्ड के अनुसार अमर प्रसाद जायसवाल, पिता- अनिल प्रसाद जायसवाल) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अमन अजंता राधा अर्थ मूवर्स कंपनी (गोरबी माइंस एरिया) में बतौर हेल्पर कार्यरत थे। देर रात करीब 12 बजे वे कंपनी से ड्यूटी खत्म कर अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान हड़बड़िया के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन सड़क पर जा गिरे और वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान व आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button