बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम के शौचालय बदहाल, तीन-चार साल से समस्या बरकरार

यूरिनल समेत कई सुविधाएं खराब, दुकानदारों और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी; खुले में जाने को मजबूर

बैढ़न। जिला मुख्यालय के प्रमुख राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लंबे समय से सवालों के घेरे में है। स्टेडियम के चारों कोनों में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल सहित अन्य सुविधाएं खराब होने के कारण खिलाड़ियों, दुकानदारों और यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों और लोगों के अनुसार शौचालयों की समस्या पिछले तीन से चार वर्षों से बनी हुई है। सुविधाएं खराब होने के कारण लोग इनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और मजबूरी में खुले मैदान की ओर जाने को विवश हैं। इससे सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

प्रमुख स्थल, फिर भी मूलभूत सुविधाएं बदहाल

राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम जिला मुख्यालय का प्रमुख खेल परिसर है, जहां प्रशासनिक स्तर के सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। यहां बच्चे और युवा नियमित रूप से खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें भी संचालित हैं, जिसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का बदहाल होना गंभीर समस्या है। लोगों के मुताबिक पूर्व में शौचालयों की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन कार्य पूरी तरह नहीं होने के कारण समस्या दोबारा बनी हुई है।

निरीक्षण और तत्काल मरम्मत की मांग

स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने नगर निगम से स्टेडियम परिसर में बने सार्वजनिक शौचालयों का स्थल निरीक्षण कराने और खराब यूरिनल समेत अन्य सुविधाओं की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मरम्मत के साथ शौचालयों की नियमित सफाई, देखरेख और मेंटेनेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों, बच्चों, दुकानदारों और आम नागरिकों को सार्वजनिक स्थल पर आवश्यक सुविधा मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button