वैश्विक तनाव का आम जनता पर असर, एकजुट हों ब्रिक्स देश: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए दुनिया भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों का सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। महामारी, जलवायु संकट और सप्लाई चेन के अवरोधों ने यह साबित कर दिया है कि आज की दुनिया में कोई भी समस्या किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहती।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में पीएम मोदी ने प्रौद्योगिकी और क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिजों) को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम साझा विकास और समृद्धि में बाधा बनते हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत की अध्यक्षता लचीलापन, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के चार स्तंभों पर केंद्रित रही है। स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए संक्रामक बीमारियों से निपटने हेतु ‘ब्रिक्स इंटीग्रेटेड अर्ली वॉर्निंग सिस्टम’ पर सहमति बनी है। इसके अलावा सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए लॉजिस्टिक फ्रेमवर्क और स्टार्टअप्स को जोड़ने के लिए ‘ब्रिक्स इनक्यूबेटर नेटवर्क’ पर काम किया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि ‘ग्लोबल साउथ’ की चुनौतियों से निपटने और समावेशी विकास के लिए ब्रिक्स को मिलकर प्रयास करने होंगे।













