रतलाम में तेज रफ्तार ट्रक ने भेड़ों के झुंड को रौंदा: 34 भेड़ों की दर्दनाक मौत, 15 घायल; एक चरवाहा भी चोटिल, चालक फरार

रतलाम (जावरा)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिला अंतर्गत जावरा में महू-नीमच फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने सड़क किनारे जा रहे करीब 200 भेड़ों के झुंड को बेरहमी से रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 34 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं भेड़ों को लेकर जा रहा एक चरवाहा भी चपेट में आने से घायल हो गया।
भारत पैलेस होटल के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को जावरा क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन स्थित भारत पैलेस होटल के सामने से चरवाहा करीब 200 भेड़ों के झुंड को लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए एक राजस्थान पासिंग आयशर ट्रक ने झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बड़ी संख्या में भेड़ें ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे मौके पर ही 34 मवेशियों ने दम तोड़ दिया और 15 घायल हो गईं।
चालक ट्रक छोड़कर फरार, पुलिस ने वाहन किया जब्त
हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ढोढर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया। घायल व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया तथा घायल भेड़ों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त आयशर ट्रक को जब्त कर ढोढर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है। इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत से पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।













