पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मुख्य गेट पर 7-8 राउंड गोलियां चलाकर हमलावर फरार

बरनाला (पंजाब)। पंजाब के बरनाला जिला अंतर्गत गांव फरवाही में मशहूर पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक आवास पर अज्ञात हमलावरों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई इस वारदात में हमलावरों ने घर के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।
विदेश में हैं सिंगर, घर पर मिले गोलियों के निशान
परिजनों के अनुसार, वारदात के समय गायक गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। वे इन दिनों अपने म्यूजिकल शो और कार्यक्रमों के सिलसिले में विदेश दौरे पर हैं। फायरिंग के बाद घर के मुख्य दरवाजे और दीवारों पर गोलियों के गहरे निशान देखे गए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
फिरौती और जान से मारने की मिल चुकी हैं धमकियां
जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले गुलाब सिद्धू को अज्ञात तत्वों की ओर से रंगदारी (फिरौती) मांगने और जान से मारने की धमकियां मिली थीं। इस पृष्ठभूमि के चलते पुलिस इस हमले को पुरानी धमकियों और गैंगस्टर गतिविधियों से जोड़कर भी देख रही है।
सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं। हालांकि घटनास्थल के ठीक सामने से कोई स्पष्ट फुटेज नहीं मिली है, लेकिन गांव के मुख्य मार्गों और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है और आरोपियों की शिनाख्त कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।













