देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम से मिले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, नाश्ते पर हुई विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत आए मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम से रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुलाकात की। नई दिल्ली में आयोजित इस नाश्ते की बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।

ब्रिक्स सम्मेलन और द्विपक्षीय बैठकों में रहे व्यस्त

भारत यात्रा के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री ने शनिवार को ब्रिक्स के ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ सत्र में भाग लिया और अन्य वैश्विक नेताओं के साथ पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित गाला डिनर में भी शरीक हुए। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्‍क‍ियन और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

भारत-मलेशिया रणनीतिक साझेदारी पर बनी सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अनवर इब्राहिम की द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, डिजिटल अर्थव्यवस्था और पर्यटन सहित कई अहम क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई। इस दौरान अनवर इब्राहिम ने मलेशिया के कोटा किनाबालू (सबाह) में भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थापित करने पर सहमति जताई।

केरल और मालदीव का करेंगे दौरा

मलेशियाई प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि नई दिल्ली के कार्यक्रमों के बाद वे केरल का दौरा करेंगे, जहां वे भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मिलकर सामुदायिक विकास, शिक्षा और धार्मिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके उपरांत वे राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा के लिए मालदीव (माले) रवाना होंगे।

Author

Related Articles

Back to top button