गनियारी पीजी कॉलेज को मिली 400 सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम की सौगात: NCL ने CSR से स्वीकृत किए ₹12.18 करोड़
कलेक्टर की पहल लाई रंग: 22 अगस्त को NCL बोर्ड बैठक में मिली परियोजना को अंतिम मंजूरी

सिंगरौली।जिले में उच्च शिक्षा अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। कलेक्टर के विशेष प्रयासों के चलते गनियारी में निर्माणाधीन शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज परिसर में 400 सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने हरी झंडी दे दी है। इस भव्य ऑडिटोरियम के निर्माण हेतु एनसीएल ने अपने निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) मद से ₹12 करोड़ 18 लाख 31 हजार 490 की राशि स्वीकृत की है।
320वीं बोर्ड बैठक में मिली स्वीकृति, MoU के जरिए होगा काम
गनियारी में बन रहे नए पीजी कॉलेज परिसर को सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ऑडिटोरियम का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कराया गया था। कलेक्टर के निरंतर समन्वय के बाद 22 अगस्त 2026 को आयोजित एनसीएल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 320वीं बैठक में सीएसआर कमेटी की अनुशंसा पर इसे विधिवत मंजूरी दी गई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन सिंगरौली और एनसीएल के मध्य एमओयू (MoU) निष्पादित किया जाएगा।
विद्यार्थियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक वातावरण
400 दर्शकों की क्षमता वाला यह भव्य ऑडिटोरियम सिंगरौली शहर का एक प्रमुख शैक्षणिक व सांस्कृतिक केंद्र बनेगा। इसमें सेमिनार, कार्यशालाएं, राष्ट्रीय व्याख्यान, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आधुनिक तकनीक व ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था के साथ आयोजित किए जा सकेंगे। इससे जिले के छात्र-छात्राओं को सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई मजबूती मिलेगी। गनियारी पीजी कॉलेज परिसर इस नई सुविधा के जुड़ने से सिंगरौली के प्रमुख मॉडर्न एजुकेशन हब के रूप में उभरेगा।












