मानसा में नेशनल हाईवे पर स्कूल बस और पीआरटीसी बस में भीषण टक्कर, 10-15 बच्चे घायल व ड्राइवर की दोनों टांगें टूटीं

मानसा (पंजाब)।पंजाब के मानसा में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मानसा से जाखल मार्ग पर आगे जा रही पीआरटीसी (PRTC) बस से हौली हार्ट पब्लिक स्कूल (किशनगढ़) की बस पीछे से टकरा गई। इस भिड़ंत में स्कूल बस में सवार करीब 10 से 15 बच्चे घायल हो गए, जिनमें से एक छोटी बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में स्कूल बस चालक की दोनों टांगें टूट गई हैं। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीआरटीसी बस के चालक के अनुसार, रास्ते में अचानक एक बाइक सवार कान में मोबाइल फोन लगाकर बस के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए जैसे ही इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए, पीछे से आ रही स्कूल बस अनियंत्रित होकर टकरा गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों की स्थिति व दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।













