देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिशा सालियान मौत मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर, पिता के बयान के बाद जांच तेज

 

मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा दिए गए नए सिरे से जांच के आदेश के अनुपालन में की गई है। अदालत ने मामले की निष्पक्ष व गहन पड़ताल के लिए सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी को जांच की निगरानी का जिम्मा सौंपने के निर्देश दिए थे।

एफआईआर दर्ज किए जाने से ठीक दो दिन पहले दिशा के पिता सतीश सालियान ने सीबीआई के समक्ष अपना विस्तृत बयान दर्ज कराया था। अपने बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत के पीछे एक गंभीर आपराधिक साजिश थी और बाद में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर मामले को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दिशा की मौत को आत्महत्या का रूप देने, झूठी कहानी गढ़ने तथा सबूतों को नष्ट करने या उनसे कथित छेड़छाड़ करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

सतीश सालियान ने एजेंसी से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके बेटे व शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे सहित कई राजनीतिक व प्रशासनिक हस्तियों, फिल्म जगत से जुड़े व्यक्तियों और तत्कालीन पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गौरतलब है कि जून 2020 में मुंबई में दिशा सालियान की मौत हुई थी और उसके कुछ ही दिनों के भीतर सुशांत सिंह राजपूत की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। दोनों घटनाओं के समय को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। सीबीआई ने इससे पूर्व मालवणी पुलिस से केस से संबंधित सभी मूल दस्तावेज व रिकॉर्ड तलब किए थे, जिसके बाद अब एफआईआर दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button