मारपीट के मामले में बरगवां पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

सिंगरौली- बरगवां बाजार में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में बरगवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को बरगवां बाजार में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद के फैसले को लेकर मारपीट हुई थी। घटना में रामरेखा नामदेव और बसंतलाल नामदेव को चोटें आई थीं। बसंतलाल नामदेव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आद्या प्रसाद नामदेव, अंकित नामदेव व अमन नामदेव के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था।
रामरेखा नामदेव की चोट को डॉक्टर ने गंभीर और प्राणघातक बताते हुए मेडिकल रिपोर्ट दी। इसके बाद प्रकरण में धारा 109 बीएनएस बढ़ाई गई और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में एसडीओपी सिंगरौली रोशनी कुर्मी एवं बरगवां थाना प्रभारी अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की तलाश करते हुए 13 सितंबर को आद्या प्रसाद नामदेव और अंकित नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी भी जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया। वहीं तीसरा आरोपी अमन नामदेव अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, उपनिरीक्षक श्यामबिहारी द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक रामचरन सतनामी, अरुण पटेल, प्रधान आरक्षक श्यामलाल प्रजापति आरक्षक राजन सिंह भिलाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













