हंसी-ठिठोली और गीत-गजलों से सजी कवि सम्मेलन की रात
किसान कांग्रेस द्वारा किया गया आयोजन, शाम 5 बजे शुरू हुआ आयोजन रात 12 बजे तक चला, हास्य-व्यंग्य से लेकर गीत और गजल ने बांधा समां, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया गया सम्मान

सिंगरौली। हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर किसान कांग्रेस जिला सिंगरौली के तत्वावधान में रविवार को पड़ैनिया स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे शुरू हुआ कवि सम्मेलन देर रात 12 बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान देश और समाज से जुड़े विषयों पर कवियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत, गजल और श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कवियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कांग्रेस कमेटी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश महामंत्री अंजनी कुमार दुबे ने की। मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मनोज दुबे ने किया, जबकि मंच का संचालन पंकज पाण्डेय ने किया।
दूर-दराज से पहुंचे कवि, देर रात तक जमा रहा रंग
कवि सम्मेलन में सिंगरौली के अलावा रीवा, सीधी और शहडोल से कवियों को आमंत्रित किया गया था। रामखेलावन मिश्रा रीवा, प्रविन्द्र दुबे, के.पी. सोनी, मनोहर लाल वर्मा, राममिलन उपाध्याय और शालिनी श्रीवास्तव सिंगरौली, श्रीकमल शुक्ला व विभा तिवारी सीधी, सागर गुप्ता शहडोल तथा कृति द्विवेदी कृतिका रीवा ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कवियों ने अपनी-अपनी शैली में सामाजिक सरोकार, समसामयिक परिस्थितियों और मानवीय संवेदनाओं को शब्दों में पिरोया। हास्य और व्यंग्य की रचनाओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया, वहीं गीत, गजल और श्रृंगार की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया। जैसे-जैसे रात बढ़ती गई, श्रोताओं की उत्सुकता भी बनी रही और कार्यक्रम आधी रात तक जारी रहा।
पूर्व मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री वंशमणि प्रसाद वर्मा, पूर्व अध्यक्ष राम अशोक शर्मा, पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र द्विवेदी, पूर्व महापौर रेनू शाह सहित देवेन्द्र कुमार पाठक दरोगा, ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू और रामशिरोमणि शाहीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, साहित्य प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की भी सहभागिता रही।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया सम्मान
कवि सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज और क्षेत्र के लिए सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों को मंच से सम्मानित करने का उद्देश्य उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना है।
सम्मानित होने वालों में नरेंद्र चन्द्र सिंह, के.डी. सिंह, राघवेन्द्र श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, उमेश दुबे, सुरेश दुबे, रविन्द्र द्विवेदी, देवपति सिंह वैश्य, शेखर सिंह, पंकज पाण्डेय, मो. जुल्फिकार अली, अरूण सिंह, बबुआ सिंह, आर्या प्रसाद द्विवेदी, लोलर दुबे, ललित सिंह, अशोक शाह, सी.पी. शुक्ला, विद्या सागर वैश्य, उपेन्द्र शुक्ला, हरिकमल वैश्य, संतोष शाह, अवनीश दुबे, नन्द किशोर सिंह, मान प्रसाद वैश्य, रामसहाय पनिका, सत्यनारायण वैश्य, जितेन्द्र जायसवाल, कृष्णा शर्मा और निवेश पाण्डेय सहित अन्य लोग शामिल रहे।
पत्रकारों में दिनेश पाण्डेय, आर.के. श्रीवास्तव, नीरज पाण्डेय, अमित कुमार सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
हिंदी के प्रति सम्मान का संदेश
कार्यक्रम के आयोजक किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा कि हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर कवि सम्मेलन का आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का भी प्रयास था। देर रात तक चले आयोजन में कविता और साहित्य के माध्यम से हिंदी की समृद्ध परंपरा और सामाजिक सरोकारों को सामने रखा गया।













