अधारताल रेल यार्ड में खड़ी ट्रेनों से कॉपर वायर चुराने वाले 6 चोर और 2 कबाड़ी गिरफ्तार

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत अधारताल स्टेशन के यार्ड में खड़ी ट्रेनों के नीचे से कीमती तांबे के तार (अंडरगियर कॉपर वायरिंग) चुराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को रंगे हाथों तार काटते हुए गिरफ्तार किया है। वहीं, इनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले 2 कबाड़ियों को भी पकड़कर उनके कब्जे से रेल संपत्ति बरामद कर ली गई है।
यार्ड में अंधेरे का फायदा उठाकर काटते थे तार
आरपीएफ के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से यार्ड में खड़ी ट्रेनों से अंडरगियर कॉपर वायरिंग चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। आरपीएफ जवान लगातार निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान, जवानों ने यार्ड में अंधेरे में 6 युवकों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उन छहों को ट्रेनों के नीचे से कॉपर वायर काटते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
कबाड़ियों को बेचते थे चुराया हुआ तार
पकड़े गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि वे चुराए गए कॉपर वायर को स्थानीय कबाड़ियों को बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छी खासी रकम मिल जाती थी। उनकी निशानदेही पर आरपीएफ ने सोमवार को चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर लिया और उनसे चुराई गई रेल संपत्ति बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
चोरी करने वाले: सोहिल खान उर्फ मोंटी (25), मोहम्मद आसिफ खान (22), मोहम्मद तर्मीजी उर्फ सलमान (28), मोहम्मद नूरुद्दीन उर्फ नूरु (32), मोहम्मद सोनू (23) और सोहिल अंसारी उर्फ वेल्डर (23)।
चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी: मोहम्मद अनवर अंसारी (47, गोहलपुर) और मोहम्मद अयुव उर्फ बब्लू चाटी (57, हनुमानताल)।
सभी आठों आरोपियों के खिलाफ ‘रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरपीएफ ने अपील की है कि रेलवे स्टेशन, यार्ड या पटरियों के आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन पर सूचना दें, क्योंकि ट्रेनों की संवेदनशील वायरिंग से छेड़छाड़ रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।












