जीतू पटवारी के काफिले की कारें आपस में टकराईं…

जीतू पटवारी के काफिले की कारें आपस में टकराईं…
तीन कारों की आपस में टक्कर…
पनवार हायर सेकेंडरी स्कूल के पास हुआ दुर्घटना, सभी लोग सुरक्षित…
सीधी
सिंगरौली जिले के धीरौली के गजरा बहरा में अड़ानी समूह को ज़मीन सौंपने की प्रक्रिया में हजारों पेड़ों की कटाई, धीरौली कोल माइंस के विस्थापित और प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने के लिए जाते वक्त एआईसीसी द्वारा गठित फैक्ट फाइंडिंग समिति के सदस्यों के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के काफिले की कारें कल बुधवार की सुबह सीधी जिला मुख्यालय के पहले ही पनवार स्कूल के सामने करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार में टकरा गईं। इस हादसे में काफिले की तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दो कारों के ज्यादा क्षतिग्रस्त होने से वो घटनास्थल पर ही रुक गईं।
आपको बताते चलें कि हादसे के वक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का काफिला रीवा से सिंगरौली की ओर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था। काफिले में शामिल सभी वाहन तेज रफ्तार में जा रहे थे। सीधी जिला मुख्यालय पहुंचने के तकरीबन 7 किलोमीटर पूर्व पनवार स्कूल के समीप सडक़ में स्पीड ब्रेकर के होने के कारण आगे चलने वाली कार का ब्रेक लगते ही पीछे चल रही तीन कारें अनियंत्रित होकर टकरा गईं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सुरक्षा दल ने स्थिति को संभाला। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी वाहन सवार बाल-बाल बच गए, हालांकि कारों को क्षति पहुँची है। काफिले में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। काफिले में टकराई गाड़ियों को मौके पर छोड़कर काफिले के लोग आगे रवाना हो गए। काफिले में शामिल कारों के आपस में टकराने की खबर काफी चर्चा में बनी रही।
कांग्रेस नेताओं का सीधी में भव्य स्वागत
जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, सहयोगी संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर, झंडों, फूल माला और ढोल नगाड़े और नारों के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलेश्वर पटेल सहित अन्य सभी वरिष्ठ नेताओं का भव्य स्वागत किया। स्वागत स्थल पर माहौल उत्साह, जोश और एकजुटता के संदेश से गुंजायमान रहा।
ये सभी नेता सिंगरौली में हो रही जंगल कटाई के विरोध तथा आदिवासी भाइयों के हक और अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए जा रहे थे।
सीधी जिला कांग्रेस ने इनके संघर्ष और संकल्प का समर्थन करते हुए ऐतिहासिक उत्साह के साथ स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

युका प्रदेश उपाध्यक्ष ने किया कुचवाही में स्वागत
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू ने अपने गृह ग्राम क्षेत्र में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सीडब्ल्यूसी सदस्य व पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना का सिंगरौली जाते समय कुचवाही पहुँचने पर भव्य स्वागत किया।













