पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने पत्नी और तीन बच्चों को धारदार हथियार से मारा, चारों की मौत

दमोह/मगरोन। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पत्नी समेत तीनों बच्चों की मौत हो गई। घटना शनिवार 19 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कबीरपुर गांव निवासी द्वारका पटेल ने अपनी पत्नी खेमा बाई (27), बेटी उर्मिला (7), बेटे उमेश (4) और एक वर्षीय बेटे राजा पर धारदार हथियार से हमला किया। अचानक हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मगरोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए मामले की जांच शुरू की। दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के कारणों को लेकर प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार परिवार में करीब छह महीने पहले भी विवाद हुआ था। उस समय पत्नी ने मगरोन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अब उस पुरानी शिकायत और परिवार के बीच चल रहे विवाद से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुरानी शिकायत, घटना से पहले की परिस्थितियों और आरोपी के फरार होने के कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर से आईजी, डीआईजी और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी, जिसके आधार पर पुलिस वारदात की परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि विस्तृत जानकारी जांच और फॉरेंसिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की खबर फैलते ही कबीरपुर गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।













