बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

तेज बहाव में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 8 की मौत

आगर मालवा/नलखेड़ा। मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के समीप बरसाती नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। हादसे में कार सवार सभी 8 श्रद्धालुओं की मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार 19 सितंबर को श्रद्धालुओं का एक परिवार मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचा था। मंदिर के आसपास बारिश के कारण बरसाती नाले में पानी का बहाव तेज था। श्रद्धालु कार से नाला पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वाहन पानी के साथ बह गया। कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। नाले में कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने काफी प्रयास के बाद कार और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई की। हादसे की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल मृतकों के नाम और उनके निवास स्थान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है।

बताया गया है कि मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यहां मध्य प्रदेश सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान बरसाती नाले के तेज बहाव में कार बहने से आठ लोगों की जान चली गई।

Author

Related Articles

Back to top button