नशा छोड़ें, परिवार बचाएं और बच्चों को दें बेहतर संस्कार : न्यायाधीश

सिंगरौली/सरई। नालसा की कार्ययोजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निवास में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सरई निरंजना योगेश मालवीय ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी देते हुए परिवार में आपसी प्रेम, सम्मान और संवाद बनाए रखने की अपील की।
न्यायाधीश ने कहा कि पति-पत्नी को छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ाने से बचना चाहिए। पारिवारिक विवादों का सबसे अधिक असर बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार देने तथा उन्हें नशे और अपराध से दूर रखने का आह्वान किया।
उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत परिवार में तनाव और विवाद बढ़ाने के साथ कई सामाजिक समस्याओं को जन्म देती है। युवाओं को नशे से बचाना केवल परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली अतुल कुमार खंडेलवाल के निर्देश और सचिव मनोरम तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। संचालन पैरालीगल वालंटियर शिवप्रसाद साहू ने किया। कार्यक्रम में सरपंच युवराज सिंह, प्राचार्य रवि प्रताप सिंह, एएसआई त्रिवेणी पाल सहित विद्यालय स्टाफ, न्यायालय कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।











