यातायात व्यवस्था सुधारने सिंगरौली पुलिस की नई पहल, 14 नागरिक बने ट्रैफिक वार्डन

सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने नई पहल शुरू की है। थाना यातायात की ओर से ‘ट्रैफिक वार्डन सिंगरौली’ टीम का गठन किया गया है। पहले चरण में 14 जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों को टीम में शामिल किया गया है। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की सहभागिता से सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में गठित इस टीम के सदस्य प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेज के आसपास और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस के साथ समन्वय करेंगे।
ट्रैफिक वार्डन लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, सही स्थान पर वाहन पार्क करने, लेन अनुशासन बनाए रखने, अनावश्यक जाम से बचने, तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक करेंगे। दुर्घटना या किसी आकस्मिक यातायात स्थिति में भी वे पुलिस और आम लोगों के बीच समन्वय में सहयोग करेंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ समाज के जिम्मेदार लोगों को अभियान से जोड़कर शहर में अनुशासित यातायात संस्कृति विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आने वाले समय में आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक वार्डन टीम का विस्तार किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।













