देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

रिम्स अस्पताल के नवजात वार्ड में एसी में धमाका, दो बच्चों की मौत

आदिलाबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित रिम्स अस्पताल में सोमवार देर रात नवजात शिशुओं के वार्ड में एसी में धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे के समय स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में 27 नवजातों का इलाज चल रहा था। आग के बाद वार्ड में घना धुआं भर गया, जिससे बच्चों की जान पर बन आई। हादसे में दो नवजातों की मौत हो गई, जबकि 25 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। गंभीर हालत वाले बच्चों को तत्काल दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

बताया गया कि सोमवार आधी रात के कुछ देर बाद एसएनसीयू में लगे एयर कंडीशनर में अचानक धमाका हुआ। इसके बाद पूरे वार्ड में तेजी से धुआं फैलने लगा। घटना के समय इनक्यूबेटर में भर्ती नवजातों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। खिड़कियों के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकालने का रास्ता बनाया गया।

अस्पताल के निदेशक जय सिंह उस समय राउंड पर थे। जानकारी मिलते ही वह कर्मचारियों और एंबुलेंस चालकों के साथ नवजात वार्ड में पहुंचे। घने धुएं के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। एक पांच दिन के नवजात की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद 26 बच्चों को एंबुलेंस से निजी अस्पतालों में भेजा गया। इनमें गंभीर हालत वाले तीन बच्चों में से एक की मौत हो गई।

फायर कर्मचारियों ने आग को फैलने से रोका

दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उनकी सतर्कता के कारण आग नवजात वार्ड से आगे नहीं फैल सकी। समय रहते बच्चों को इनक्यूबेटर से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने से बड़ी जनहानि टल गई।

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर राजर्षि शाह और एसपी अखिल महाजन भी रिम्स अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे बचाव अभियान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। अधिकारियों ने दो नवजातों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।

केटीआर ने जताया दुख

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटीआर ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नवजात शिशु की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए अस्पताल में भर्ती अन्य बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Author

Related Articles

Back to top button