एनसीएल ककरी में इस बार सजेगा ‘बद्रीनाथ धाम’
युद्ध स्तर पर चल रहा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण, कारीगर दिन-रात जुटे

ककरी । नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के ककरी क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि को लेकर दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल को प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पंडाल निर्माण का काम युद्ध स्तर पर जारी है और देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुशल कारीगर दिन-रात इसे आकार देने में जुटे हैं।
ककरी क्षेत्र में पिछले वर्ष केदारनाथ धाम की थीम पर तैयार किया गया दुर्गा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा था। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष बद्रीनाथ धाम की थीम चुनी गई है।
पंडाल के लिए विशाल बांस-बल्लियों का ढांचा तैयार किया जा रहा है। बद्रीनाथ मंदिर की वास्तुकला और स्वरूप को ध्यान में रखते हुए पंडाल को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
ककरी क्षेत्र का दुर्गा पूजा महोत्सव अपनी भव्यता और आकर्षक पंडाल के लिए कोयलांचल क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। इस वर्ष बद्रीनाथ धाम की थीम को लेकर आयोजन समिति और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह है। समिति को उम्मीद है कि तैयार होने के बाद यह पंडाल ककरी के साथ आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख आकर्षण बनेगा।












