ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भटिंडा डीएम का वेतन रोकने का आदेश

बेगूसराय कोर्ट ने दिया निर्देश, सड़क हादसे में मृत व्यक्ति की पत्नी को मुआवजा दिलाने से जुड़ा मामला

बेगूसराय। बेगूसराय जिला जज-3 अरुण कुमार की अदालत ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं होने पर पंजाब के भटिंडा जिले के जिलाधिकारी सह डिप्टी कमिश्नर के वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया है। मामला सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति की पत्नी को करीब 14.72 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने से जुड़ा है। अदालत ने दुर्घटना के आरोपी वाहन मालिक की चल-अचल संपत्ति का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था, लेकिन कई बार पत्राचार के बावजूद रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई।

मामला 26 जनवरी 2020 का है। बेगूसराय के वनद्वार निवासी अर्चना कुमारी के पति ओमप्रकाश कुमार की कैटिंग चौक के पास जीप की टक्कर से मौत हो गई थी। दुर्घटना में शामिल जीप का पंजीयन नंबर PB03AJ/7306 बताया गया है। वाहन मालिक पंजाब के भटिंडा जिले के पक्का कलां तलवंडी निवासी सुखमेंदर सिंह बताए गए हैं।

पति की मौत के बाद अर्चना कुमारी ने मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण संख्या 37/2020 दाखिल किया था। मामले की सुनवाई के बाद 23 जून 2023 को अदालत ने वाहन मालिक को छह प्रतिशत ब्याज के साथ करीब 14 लाख 72 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।

मुआवजा राशि नहीं मिलने पर अर्चना कुमारी ने वसूली के लिए निष्पादन वाद संख्या 05/2024 दाखिल किया। इसी मामले में अदालत ने 19 दिसंबर 2024 को भटिंडा के जिलाधिकारी सह डिप्टी कमिश्नर को वाहन मालिक की चल-अचल संपत्ति का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था, ताकि मुआवजे की वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

रिपोर्ट नहीं मिलने पर अदालत ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव को भी पत्र भेजकर आदेश का अनुपालन कराने को कहा। इसके बावजूद अपेक्षित रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हुई।

इसके बाद 8 सितंबर 2026 को सुनवाई के दौरान अदालत ने भटिंडा के जिलाधिकारी सह डिप्टी कमिश्नर के वेतन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। अदालत ने 15 दिनों के भीतर संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है। आदेश की प्रतियां पंजाब सरकार के मुख्य सचिव, जिला कोषागार पदाधिकारी और संबंधित डीडीओ समेत अन्य अधिकारियों को भेजने का निर्देश दिया गया है।

अब अदालत के आदेश के बाद पंजाब प्रशासन की ओर से संपत्ति संबंधी रिपोर्ट कब प्रस्तुत की जाती है और मुआवजा राशि की वसूली की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है, इस पर नजर रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button