भाजपा ने 36 राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए
बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी, रेखा वर्मा बनीं सह प्रभारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। मध्य प्रदेश में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बिप्लब कुमार देव को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है, जबकि सांसद रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में किए गए इस बदलाव के तहत कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से जारी सूची में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना समेत कई राज्यों के प्रभारियों में बदलाव किया गया है।
उत्तर प्रदेश का प्रभारी विनोद तावड़े को बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान का प्रभारी संजय भाटिया को बनाया गया है। उनके साथ कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह प्रभारी होंगे।
कई नेताओं को दो राज्यों की जिम्मेदारी
पार्टी ने कुछ नेताओं को एक से अधिक राज्यों का प्रभार भी सौंपा है। राम माधव को उत्तराखंड और तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। पंजाब में वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर को सह प्रभारी तथा जम्मू-कश्मीर में रीना कश्यप को सह प्रभारी बनाया गया है।
महाराष्ट्र का प्रभारी बैजयंत जय पांडा को बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की नई सूची में कई अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है।
मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देव को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब वे राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय की भूमिका निभाएंगे। सह प्रभारी रेखा वर्मा उनके साथ संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करेंगी।












