दुकान के बाहर शराब बिक्री का विरोध करने पर दुकानदार और बेटे से मारपीट, मामला दर्ज
गाली-गलौज के बाद मुक्के-डंडों से हमला, आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी; पुलिस ने शुरू की जांच

सिंगरौली- जिला मुख्यालय बैढ़न के बिलौंजी वार्ड क्रमांक 42 में एमपीईबी मोड़, बजाज एजेंसी के सामने दुकान के बाहर शराब बेचने का विरोध करने पर दुकानदार और उसके बेटे के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बैढ़न पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बिलौंजी निवासी प्रेम लाल शाह (66), एमपीईबी मोड़ के पास चाय-समोसे की दुकान संचालित करते हैं। घटना के समय वह अपने बेटे रामनरेश शाह के साथ दुकान पर मौजूद थे। आरोप है कि रात करीब 8 बजे अमलेस सिंह, जितेन्द्र गुप्ता, बिन्दु कुशवाहा सहित कुछ अन्य लोग दुकान के बाहर पहुंचे और वहां शराब बेचने लगे।
दुकान के बाहर शराब बिक्री किए जाने का प्रेम लाल शाह और उनके बेटे ने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मुक्के और डंडों से प्रेम लाल शाह के साथ मारपीट की। पिता को बचाने के लिए रामनरेश शाह बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के दौरान अंकित शाह, करन शाह और पन्ना शाह ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा शराब बिक्री का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में प्रेम लाल शाह और उनके बेटे के हाथ, कलाई तथा चेहरे पर चोटें आई हैं।पीड़ित की शिकायत पर बैढ़न पुलिस ने अमलेस सिंह, जितेन्द्र गुप्ता, बिन्दु कुशवाहा सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा एक्स-रे समेत आवश्यक जांच भी कराई गई है। मामले में पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।












