देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

विश्व पर्यटन दिवस पर महाबोधि मंदिर में सीयूएसबी छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान

पटना। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के ऐतिहासिक अध्ययन एवं पुरातत्व विभाग की ओर से बोधगया स्थित विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर परिसर में विरासत जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत हुआ। अभियान में विद्यार्थियों ने श्रमदान कर ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के करीब 50 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। विद्यार्थियों ने मंदिर परिसर की स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विश्व धरोहर स्थलों की महत्ता तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को विरासत संरक्षण से जोड़ना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम के समन्वयक एवं ऐतिहासिक अध्ययन एवं पुरातत्व विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को विश्व पर्यटन दिवस के महत्व के साथ महाबोधि मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं स्थापत्य महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोधगया बौद्ध परंपरा में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और महाबोधि मंदिर की विरासत प्राचीन बौद्ध परंपराओं से जुड़ी है। विद्यार्थियों को विरासत संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं से भी परिचित कराया गया।

इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा और विधि विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. देव नारायण सिंह ने भी विद्यार्थियों के साथ अभियान में सहभागिता की। उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा’ के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐतिहासिक और विश्व धरोहर स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

विभागाध्यक्ष डॉ. सुधांशु कुमार झा ने अभियान की सफलता पर विद्यार्थियों और संकाय समन्वयकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतिहास और पुरातत्व की शिक्षा को कक्षा तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को वास्तविक ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ना अनुभवात्मक अधिगम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से सीयूएसबी ने स्वच्छता, पर्यटन, शिक्षा और विरासत संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए युवाओं को ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने का संदेश दिया।

Author

Related Articles

Back to top button