करदा में 3 अक्टूबर को जन विश्वास शिविर, स्वास्थ्य सेवाओं के साथ योजनाओं का मिलेगा लाभ

सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर 3 अक्टूबर को देवसर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत करदा में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में सेवा सेतु अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। ग्राम करदा में इसी अवसर पर वृहद स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित होगा।
कलेक्टर गौरव बैनल ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों और आमजन को शासकीय सेवाओं तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। स्वास्थ्य शिविर में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैढ़न में सेवा सेतु शिविर जनपद पंचायत कार्यालय तथा चितरंगी में सामुदायिक भवन में आयोजित होगा। दोनों स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ देने के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थल पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। हितग्राहियों से आवश्यक दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है, ताकि पात्रतानुसार योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।













