पीएम मोदी ने जांबाज पायलट कैप्टन स्मित माछर से की बात, 9/11 जैसा हादसा टालने पर सराहा
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान का नियंत्रण संभाला, 174 यात्रियों की जान बचाने में निभाई अहम भूमिका

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और संकट के दौरान दिखाई गई बहादुरी की सराहना की। प्रधानमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इससे पहले 1 अक्टूबर को प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कैप्टन माछर को बहादुरी के लिए सलाम करते हुए कहा था कि उनके साहस से बड़ी त्रासदी टालने में मदद मिली।
हवा में बिगड़े हालात, पायलट ने संभाला मोर्चा
यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई। रिपोर्टों के अनुसार कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन माछर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद माछर ने विमान को सुरक्षित रखने के लिए निर्णायक कदम उठाए और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद चालक दल और यात्रियों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को सऊदी अरब के तबुक के लिए मोड़कर सुरक्षित उतारा गया। विमान में 174 लोग सवार थे।
पीएम मोदी ने बताया 9/11 जैसी घटना को टालने वाला साहस
प्रधानमंत्री ने 1 अक्टूबर को यूपीएससी के शताब्दी समारोह में भी कैप्टन माछर के साहस का उल्लेख किया। आधिकारिक बयान के अनुसार मोदी ने कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना बहादुरी से मुकाबला किया और 9/11 जैसी एक और घटना को रोकने में मदद की।
बातचीत के दौरान कैप्टन माछर ने उस भयावह घटना के अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। गंभीर चोटों के बावजूद उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से विमान को सुरक्षित उतारने में मदद मिली।













