एसी बस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में चार यात्रियों की मौत
दिल्ली से दरभंगा जा रही थी बस, अंबेडकरनगर में हादसा; चार गंभीर घायल

पटना। दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एसी बस शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में हादसे का शिकार हो गई। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर जैतपुर थाना क्षेत्र में बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया गया कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
झपकी आने से हादसे की आशंका
एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे के बाद बस चालक, कंडक्टर और ट्रेलर चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। ट्रेलर में टाइल्स लदी थीं, जो टक्कर के बाद सड़क पर बिखर गईं।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार बस में अधिकांश यात्री बिहार के रहने वाले थे। मृतकों में वैशाली जिले के महुआ छतवारा निवासी 30 वर्षीय सचिन कुमार की पहचान हुई है। उनके पिता का नाम रविंद्र कुमार बताया गया है। वहीं घायलों में सुमित मिश्रा, सुमित आनंद और रिंकू कुमारी की पहचान हुई है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है।













