जबलपुर में 100 नई बसों का संचालन शुरू, सात रूटों पर दौड़ीं 45 ई-बसें
69 और पीएम ई-बसें जल्द होंगी शामिल, शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में बढ़ेगी सार्वजनिक परिवहन सुविधा

जबलपुर। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में जबलपुर में 100 नई बसों का संचालन शुरू किया गया। इनमें 45 पीएम ई-बस और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की 55 बसें शामिल हैं। अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) में जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस ई-बसें
नई ई-बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे, पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम, रूट डिस्प्ले, व्हीलचेयर लिफ्ट और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इनमें फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम और एयर सस्पेंशन भी उपलब्ध है। बसों में 25 सीटें और दो स्वचालित दरवाजे हैं।
सात प्रमुख मार्गों पर संचालन
पीएम ई-बस सेवा के तहत मदर टेरेसा नगर से रांझी घाना, आईएसबीटी से तिलवारा घाट, आईएसबीटी से गौरीघाट, रेलवे स्टेशन से पनागर, आईएसबीटी से बरेला, रेलवे स्टेशन से भेड़ाघाट तथा आईएसबीटी से डुमना एयरपोर्ट सहित सात मार्गों पर बसों का संचालन शुरू हुआ है।
छिंदवाड़ा, बालाघाट और सागर तक भी बसें
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत जबलपुर से छिंदवाड़ा, बालाघाट और सागर सहित कटंगी, मझौली एवं सिहोरा के लिए भी बसें संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम में बताया गया कि जल्द ही जबलपुर को 69 और पीएम ई-बसें मिलने की योजना है। इनके शामिल होने के बाद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बसों का नेटवर्क और विस्तृत होगा।













