महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, दुर्गा प्रतिमा ले जा रही पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर
सात श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल; चार से पांच की हालत गंभीर

मुंबई। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। शेगांव से मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर वर्धा जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धामणगांव रेलवे के पास हुआ हादसा
हादसा धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 पर हुआ। बताया गया कि पिकअप वैन में सवार श्रद्धालु बुलढाणा जिले के शेगांव से मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर वर्धा जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अस्पताल में घायलों का उपचार
हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार चार से पांच घायलों की हालत गंभीर है, जबकि 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने पर अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













