दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसा, समुद्र में डूबने से पुणे के 8 छात्रों की मौत
पिकनिक मनाने पहुंचे थे 42 छात्र, तेज लहरों और गहरे पानी में फंसे आठों छात्र; स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

रायगढ़/दिवेआगर। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर बीच पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पुणे से पिकनिक मनाने आए एक निजी कोचिंग संस्थान के आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, मछुआरों और वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी आठ छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया।
42 छात्रों का समूह पहुंचा था दिवेआगर
जानकारी के अनुसार पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 11वीं और 12वीं कक्षा के 42 छात्र पिकनिक के लिए दिवेआगर बीच पहुंचे थे। दोपहर के समय समूह के आठ छात्र समुद्र में नहाने और तैरने के लिए उतर गए। इसी दौरान समुद्र में तेज लहरें उठीं और पानी का बहाव बढ़ गया। छात्र गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते समुद्र में डूब गए।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही बीच पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों, स्थानीय मछुआरों और अन्य पर्यटकों ने बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद सभी आठ छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में मृत छात्रों के शवों को आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ज्वार-भाटे और समुद्र की गहराई बनी वजह
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह समुद्र में अचानक उठी तेज लहरों, ज्वार-भाटे और पानी की गहराई का सही अनुमान नहीं होना बताई जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में छात्रों के साथ आए शिक्षकों, आयोजकों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रशासन ने समुद्र में उतरने वाले पर्यटकों से ज्वार-भाटे और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।













