गांधी-शास्त्री जयंती पर एनसीएल परिवार ने दी श्रद्धांजलि
स्वैच्छिक श्रमदान, सफाई मित्रों का सम्मान और पौधारोपण के साथ शुरू हुआ विशेष अभियान-6

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एनसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक मानव संसाधन मनीष कुमार, निदेशक तकनीकी आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, जेसीसी सदस्य अशोक मिश्रा, सीएमओएआई से सर्वेश सिंह सहित मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
विशेष अभियान-6 का कार्यान्वयन चरण शुरू
गांधी जयंती के अवसर पर एनसीएल में ‘विशेष अभियान-6’ के कार्यान्वयन चरण की भी शुरुआत की गई। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत एनसीएल की परियोजनाओं और इकाइयों में सफाई, ई-वेस्ट प्रबंधन एवं निस्तारण, चिन्हित स्थानों की साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण, स्वच्छता जागरूकता, स्क्रैप प्रबंधन तथा लंबित मामलों के निपटान जैसे कार्य किए जाएंगे।
मुख्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इसके अलावा एनसीएल परिवार के सदस्यों ने स्वैच्छिक श्रमदान कर कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ भारत के प्रयासों में योगदान देने का संदेश दिया गया।
एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों में भी गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।













