बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैगा विकास प्राधिकरण की मांग को लेकर बैगा समाज संघ की बैठक, अक्टूबर अंत तक आंदोलन की तैयारी

सिंगरौली। बैगा समाज संघ, मध्यप्रदेश की जिला स्तरीय बैठक 2 अक्टूबर को जिला कार्यालय अमलोरी बस्ती, नौगढ़, बैढ़न में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामशाह बैगा ने की। इसमें प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा सहित विभिन्न पदाधिकारी और समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। कुछ सदस्य गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन भी जुड़े।

बैठक में बैगा समाज की विभिन्न समस्याओं के साथ लंबे समय से लंबित बैगा विकास प्राधिकरण के गठन की मांग पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने सिंगरौली और सीधी जिले को प्रस्तावित बैगा विकास प्राधिकरण में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
बैठक में अक्टूबर माह के अंत तक जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की तैयारियों पर सहमति बनी। आंदोलन से पहले समाज के लोगों को संगठित करने, गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में बैगा बहुल गांवों में सड़क, बिजली, आवास और प्रधानमंत्री जनमन योजना से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष संगठित तरीके से मांग रखने पर जोर दिया।
प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा ने संगठन की एकता और समाज की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकारों और विकास से जुड़ी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाना चाहिए। बैठक में चितरंगी ब्लॉक अध्यक्ष किशुन प्रसाद, उपाध्यक्ष विकास कुमार, सचिव राजेन्द्र लाल, बैढ़न ब्लॉक अध्यक्ष इंजीनियर वंशराज बैगा, उपाध्यक्ष राजराखन बैगा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button