शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुटार के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण
बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की पहचान और उपयोग के संबंध में दी गई जानकारी

सिंगरौली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुटार के एग्रीकल्चर ट्रेड के छात्र-छात्राओं द्वारा कचनी स्थित किसान बीज घर का औद्योगिक भ्रमण किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनके ज्ञान को कक्षा-कक्ष से बाहर वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ना रहा। औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के बीज, उर्वरक, कीटनाशक, खरपतवारनाशक एवं फफूंदनाशक की पहचान, उपयोग एवं उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने कृषि सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ उनके सही एवं वैज्ञानिक उपयोग की प्रक्रिया को भी समझा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कृषि कार्य में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों के संबंध में प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ, जो उनके व्यावसायिक कौशल विकास में सहायक होगा।













