गांधी जयंती पर चितरंगी में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

सिंगरौली, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत चितरंगी मुख्यालय में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं झाड़ू थामकर चितरंगी बाजार, मंदिर, विद्यालय और विभिन्न शासकीय परिसरों में श्रमदान किया।
इस दौरान राधा सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी श्रमदान किया। लोगों ने बाजार सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सिया दुलारी, महिला एवं बाल विकास सभापति सुषमा सिंह, उपखंड अधिकारी देवेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार नागेश्वर पनिका, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ललित वैरागी, पुलिस निरीक्षक सुधेश तिवारी सहित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं प्रस्फुटन समितियों की टीम मौजूद रही। अभियान के दौरान नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।













