आंगन मिलान कार्यक्रम में पोषण, मातृ स्वास्थ्य एवं बाल विकास पर दिया गया जोर
पोषण पखवाड़ा, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

सिंगरौली । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड चितरंगी की महिला एवं बाल विकास परियोजना के आंगनबाड़ी केंद्र सजहवा में आंगन मिलान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं, बच्चों तथा हितग्राहियों को पोषण, मातृ स्वास्थ्य एवं बाल विकास के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सुश्री राधा सिंह रहीं। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं कार्यक्रम की जिला प्रभारी श्रीमती सीमा जायसवाल, महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती सुषमा सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आंगन मिलान कार्यक्रम के दौरान पोषण पखवाड़ा, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यमंत्री सुश्री राधा सिंह ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य, विकास एवं सम्मान को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला स्वस्थ होगी तो परिवार और समाज भी स्वस्थ रहेगा। इस दौरान राज्यमंत्री द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया













