प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध ननि का अभियान तेज
बैढ़न एवं नवजीवन विहार जोन में सिंगल यूज प्लास्टिक पर चालानी कार्रवाई, प्रतिबंधित सामग्री जब्त

सिंगरौली । नगर पालिक निगम सिंगरौली आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशानुसार शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026 को बैढ़न एवं नवजीवन विहार जोन अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया गया। प्लास्टिक मुक्त परिसर हेतु संकल्प एवं जागरूकता अभियान के तहत काली मंदिर रोड, चौपाटी, बस स्टैंड एवं फल मंडी क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं विक्रय करने वाले दुकानदारों एवं व्यापारियों को समझाइश दी गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री को मौके से जब्त किया गया। निगम अमले द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों को प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने तथा निगम की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। वहीं नवजीवन विहार जोन अंतर्गत इंदिरा चौक क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई कराई गई।
आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत खुले में मांस का विक्रय करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई तथा उन्हें स्वच्छता संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। नगर निगम का यह अभियान शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में निरंतर जारी रहेगा। करवाई का नेतृत्व स्वच्छता निरीक्षक पवन बरोदे ने किया













