महात्मा गांधी जयंती पर रजमिलान कॉलेज में चला स्वच्छता अभियान
विद्यार्थियों और स्टाफ ने परिसर की सफाई कर स्वच्छता का दिया संदेश

सिंगरौली। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय रजमिलान, जिला सिंगरौली में स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और महाविद्यालयीन स्टाफ ने मिलकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ महात्मा गांधी के विचारों एवं आदर्शों से विद्यार्थियों को परिचित कराना रहा।













