तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके ने विपक्षी गठबंधन के साथ बढ़ाया कदम
चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होगी टीवीके, 13 और 14 अक्टूबर को जिलों में विरोध, 15 को चेन्नई में प्रदर्शन

चेन्नई, 4 अक्टूबर। तमिलनाडु की राजनीति में शनिवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने पहली बार राज्य स्तर पर इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग लिया। चेन्नई स्थित कांग्रेस मुख्यालय सत्यामूर्ति भवन में हुई बैठक में टीवीके की ओर से चुनाव प्रबंधन महासचिव और मंत्री आधव अर्जुन तथा वित्त मंत्री मैरी विल्सन शामिल हुए। बैठक में गठबंधन ने टीवीके और उसके नेता विजय का स्वागत करते हुए प्रस्ताव भी पारित किया।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने टीवीके की भागीदारी को गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया। वहीं टीवीके की ओर से भी बैठक में भागीदारी को गठबंधन के साथ औपचारिक राजनीतिक सहयोग की दिशा में कदम बताया गया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। गठबंधन के दलों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर आपत्तियां जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन का कार्यक्रम तय किया। गठबंधन के अनुसार 13 और 14 अक्टूबर को विभिन्न जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे, जबकि 15 अक्टूबर को चेन्नई में संयुक्त प्रदर्शन होगा। इसमें टीवीके के साथ कांग्रेस, वीसीके, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, आईयूएमएल और एमडीएमके समेत अन्य दल शामिल होंगे।
विपक्षी दलों ने एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि निर्वाचन आयोग इस प्रक्रिया को मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की कवायद बताता रहा है।
एमडीएमके नेता वाइको ने कहा कि बैठक में टीवीके की भागीदारी शुरुआत है और आने वाले समय में पार्टी इंडिया गठबंधन की अन्य बैठकों में भी शामिल हो सकती है।













