बुलेट ट्रेन परियोजना को बड़ी उपलब्धि, साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा पुल तैयार
12 मंजिला इमारत के बराबर है ऊंचाई, गुजरात में 21 में से 18 नदी पुलों का निर्माण पूरा

अहमदाबाद, । मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। गुजरात में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे रेलवे पुल का निर्माण पूरा हो गया है। लगभग 36 मीटर यानी 118 फीट ऊंचा यह पुल करीब 12 मंजिला इमारत के बराबर है। यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है और परियोजना के प्रमुख ढांचों में शामिल है।
इस पुल का निर्माण अहमदाबाद शहर की मौजूदा परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया गया है। बुलेट ट्रेन का मार्ग कई फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, व्यस्त रेल लाइनों और मेट्रो मार्गों के ऊपर से गुजरता है। इन संरचनाओं के लिए आवश्यक ऊंचाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुल को विशेष रूप से ऊंचा बनाया गया है।
आठ विशाल खंभों पर टिका पुल
पुल को 6 से 6.5 मीटर व्यास वाले आठ गोलाकार खंभों पर बनाया गया है। इनमें चार खंभे नदी के भीतर, दो नदी के किनारों पर और दो किनारों के बाहर स्थित हैं। नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह पर कम से कम प्रभाव पड़े, इसके लिए खंभों की स्थिति और उनके बीच की दूरी का विशेष ध्यान रखा गया है। पुल में 50 से 76 मीटर तक के लंबे हिस्से बनाए गए हैं।
विशेष तकनीक से हुआ निर्माण
पुल के निर्माण में संतुलित कैंटिलीवर तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इस तकनीक में पारंपरिक मचान लगाए बिना खंभों के दोनों ओर क्रमशः पुल का ढांचा तैयार किया जाता है। बाद में विशेष प्रणाली से सभी हिस्सों को जोड़कर मजबूत संरचना बनाई जाती है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल गलियारे की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इसके अंतर्गत 25 नदी पुल बनाए जाने हैं, जिनमें 21 गुजरात और चार महाराष्ट्र में हैं। साबरमती पुल के पूरा होने के साथ गुजरात में निर्धारित 21 नदी पुलों में से 18 का निर्माण पूरा हो गया है। यह उपलब्धि बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।













