गन कैरिज फैक्ट्री जबलपुर को मिला सर्वश्रेष्ठ इकाई का सम्मान
1036 करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन कर बनाया रिकॉर्ड, पिछले वित्तीय वर्ष से 39 प्रतिशत अधिक उत्पादन

जबलपुर, 4 अक्टूबर। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) जबलपुर ने उत्पादन और उत्कृष्ट कार्य के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कानपुर स्थित एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड के मुख्यालय में 1 अक्टूबर को आयोजित स्थापना दिवस समारोह में जीसीएफ को सर्वोच्च उत्पादन लक्ष्य हासिल करने और उत्कृष्ट कार्य के लिए संगठन की सर्वश्रेष्ठ इकाई का सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में जीसीएफ की ओर से संयुक्त महाप्रबंधक नीलेश सोलंकी ने पूर्व मुख्य महाप्रबंधक राजीव गुप्ता के हाथों यह पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं उत्कृष्ट मुख्य महाप्रबंधक के सम्मान से कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक उमेश सिंह ने पूर्व सीजीएम राजीव गुप्ता को सम्मानित किया।
जीसीएफ की इस उपलब्धि पर वर्तमान मुख्य महाप्रबंधक ऋतुराज द्विवेदी और जनसंपर्क अधिकारी राहुल चौधरी ने निर्माणी के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
1036 करोड़ का रक्षा उत्पादन
गन कैरिज फैक्ट्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1036 करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन किया। यह उत्पादन पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 39 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं तीन वर्षों के तुलनात्मक आंकड़ों के आधार पर उत्पादन में 148 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड के अंतर्गत संचालित आठ आयुध निर्माण इकाइयों के कुल उत्पादन में अकेले गन कैरिज फैक्ट्री की हिस्सेदारी 37 प्रतिशत रही। उत्पादन में इस उल्लेखनीय वृद्धि को रक्षा क्षेत्र और सुरक्षा बलों की आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फैक्ट्री की इस उपलब्धि से जबलपुर की रक्षा उत्पादन क्षमता को भी नई पहचान मिली है। अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान निर्माणी के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और निरंतर मेहनत का परिणाम है।













