देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ओडिशा में भूस्खलन से रेल सेवा ठप, बस्तर की छह ट्रेनें रद्द

नौ दिनों से किरंदुल-विशाखापट्टनम मार्ग प्रभावित, मलबा हटाने में जुटा रेलवे, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बस्तर, 4 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से हुई भारी बारिश के कारण ओडिशा में मालिगुड़ा और छतरिपुट रेलवे स्टेशनों के बीच भूस्खलन होने से किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग प्रभावित हो गया है। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गया, जबकि कुछ स्थानों पर पटरियों के नीचे की मिट्टी भी खिसक गई। इसके चलते इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित है और बस्तर क्षेत्र से चलने वाली छह ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

रेलवे की टीम प्रभावित हिस्से में ट्रैक पर जमा मलबा और मिट्टी हटाने के काम में जुटी है। लगातार बारिश के कारण राहत एवं बहाली कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। रेल मार्ग पर परिचालन सामान्य होने की समय-सीमा फिलहाल स्पष्ट नहीं की गई है।

छह ट्रेनों का परिचालन निरस्त

भूस्खलन के कारण 58502 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर, 58501 विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर, 18516 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस और 18515 विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस रद्द की गई हैं। इनके अलावा 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस तथा 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस का संचालन भी निरस्त कर दिया गया है।

नौ दिनों से यात्री परेशान

रेल सेवा प्रभावित होने से किरंदुल, जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों से ओडिशा तथा विशाखापट्टनम जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। करीब नौ से दस दिनों से मार्ग प्रभावित होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। लगातार बारिश के बीच रेलवे द्वारा मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button